पतंग वहीं उड़ेगी, जहां हवा का रुख होगा, यही राजनीति है
आबो हवा... हरियाणा विधानसभा इलेक्शन 2019 जितेंद्र बूरा. अपने घुमक्कड़ स्वभाव की दलील सुन और दिमाग में हरियाणा विधानसभा की बिछ रही बिसात का परिदृश्य लेकर आज घर से निकल ही पड़ा। तय कर लिया कि आज न गाड़ी होगी और न बाइक, हरियाणा का मूड अब सार्वजनिक यातायात साधनों में सवार होकर और सार्वजनिक जगहों पर जाकर ही जाना जाए। रूट तय है जाटलैंड जोकि हाल में लोकसभा चुनाव के चौंकाने वाले परिणाम देख चुका है। सोनीपत से रोहतक और झज्जर तक। रास्ता लंबा और शाम कहां ढलेगी पता नहीं, इसकी पूर्व योजना बनाते हुए अपने बैग में एक जोड़ी कपड़े और जरूरी सामान पहले ही रख लिया है। कोशिश् है कि आज की यात्रा में सोनीपत, खरखौदा, किलोई, रोहतक, बेरी, बादली और झज्जर विधानसभा के साथ यात्रा में हमराही से मन की बात जुबां पर लाकर जान सकूं। विधानसभा चुनाव की सरगर्मी ज्यों-ज्यों बढ़ रही है, इस बार भादो माह और श्राद्ध पखवाड़े में भी गर्मी हर किसी की बेचैनी बढ़ाए हैं। हर दिन अपनी दिनचर्या के लिए घर से निकलने वाले लोग इसका आभाष पसीना पोंछते हुए कर रहे हैं। अपनी इस अनोखी यात्रा की शुरुआत करते हुए सोनीपत में घर से ऑटो पकड़कर सुबह दस ...